सत्र 2022-23





सत्र 2022-23


































केंद्रीय विद्यालय पूर्वोत्तर रेलवे बरेली में धूमधाम से मनाया गया विश्व पृथ्वी दिवस

विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर केंद्रीय विद्यालय पूर्वोत्तर रेलवे बरेली में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रार्थना सभा में कुमारी अनन्या खंडूजा द्वारा विश्व पृथ्वी दिवस के महत्व के बारे में बताया गया। श्रीमती कंचन रावत स्नातकोत्तर शिक्षिका जीव विज्ञान ने पृथ्वी को स्वच्छ और संरक्षित रखने के उपायों पर चर्चा करते हुए कूड़ा-प्रबंधन पर विशेष बल दिया जिसमें  कहकशां सैफ़ी, राफ़िया खान और यमुना युसुफ़ ने अलग-अलग प्रकार के कूड़े को अलग-अलग प्रकार के कूड़ेदान में डालने के महत्व पर चर्चा की। विद्यालय की उप प्राचार्य श्रीमती मीना राणा ने अनन्या खंडूजा को पुरस्कृत किया तथा उन्होंने दैनिक कार्य व्यवहार में पृथ्वी पर मौजूद सभी जीव जंतुओं की रक्षा करते हुए संयमित और व्यवस्थित जीवन बिताने का संदेश दिया।

तत्पश्चात विद्यार्थियों के लिए एक सेमीनार का आयोजन किया गया । सेमिनार के विशिष्ट अतिथि डॉक्टर बृजपाल सिंह, अध्यक्ष, कृषि विज्ञान केंद्र, आई.वी.आर.आई., बरेली और मुख्यवक्ता श्री रंजीत सिंह,कृषि वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, आई.वी.आर.आई. बरेली ने विद्यालय में उपस्थित होकर पौधारोपण करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सर्वप्रथम प्राचार्य डॉ अपर्णा सक्सेना ने डॉक्टर बी पी सिंह और उप प्राचार्य श्रीमती मीना राणा ने श्री रंजीत सिंह का हरित अभिनंदन किया। तत्पश्चात विद्यालय की प्राचार्य डॉ अपर्णा सक्सेना ने डॉ बृजपाल सिंह अध्यक्ष, कृषि विज्ञान केंद्र, आई.वी.आर.आई., बरेली तथा उप प्राचार्य श्रीमती मीना राणा ने श्री रंजीत सिंह, कृषि वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, आई.वी.आर.आई., बरेली का हरित अभिनंदन करते हुए स्वागत किया। डॉ अपर्णा सक्सेना ने स्वागत संबोधन में विद्यालय की उपलब्धियों को बताते हुए आई.वी.आर.आई. जैसे प्रतिष्ठित संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को प्रशिक्षित एवं उनका सतत मार्गदर्शन करने का आग्रह किया। तत्पश्चात कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती कंचन रावत ने विद्यालय को हरित बनाए रखने के प्रयत्नों तथा विद्यार्थियों की योगदान की चर्चा की। साथ ही  उन्होंने राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत विद्यालय में तैयार की गई पोषण वाटिका का विस्तृत वर्णन किया। इसके पश्चात मुख्य वक्ता श्री रणजीत सिंह , कृषि वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, आई.वी.आर.आई., बरेली ने अपने संभाषण में पृथ्वी पर मौजूद सभी जीवों और जैविक संतुलन की चर्चा करते हुए प्रत्येक जीव के अस्तित्व के महत्व को उजागर किया। साथ ही उन्होंने निरंतर दूषित हो रहे पर्यावरण और मनुष्य की दोहन की प्रवृत्ति की चर्चा करते हुए पृथ्वी को संरक्षित, स्वस्थ और सुरक्षित रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ बृजपाल सिंह ने अपने संबोधन में बहुत ही सरल और सहज शब्दों के माध्यम से अपने जीवन के उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को सदैव पृथ्वी की रक्षा करने का संदेश दिया। उनके व्याख्यान की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि वे स्वयं करते हैं और फिर दूसरों को वही कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं यानी उनकी कथनी और करनी में बिल्कुल भी अंतर नहीं है। उन्होंने दिन-प्रतिदिन के उदाहरणों जैसे कार को पाइप से धोकर जल को नष्ट करना, छोटे-छोटे प्लास्टिक के डिब्बों में नए पौधों को लगाकर छतों पर रखकर कमरों को ठंडा करना, कमरे से बाहर निकलते हुए बिजली के स्विच बंद करना आदि छोटे-छोटे उदाहरणों के माध्यम से बड़ी-बड़ी बातें समझाई।

तत्पश्चात उप प्राचार्य श्रीमती मीना राणा द्वारा अतिथि अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। समस्त कार्यक्रम की प्रभारी श्रीमती कंचन रावत रही और संचालन श्रीमती मीता गुप्ता द्वारा किया गया। श्रीमती अनीता सिंह, श्री बलबीर कुमार, श्री मुकेश कुमार अग्रवाल और श्रीमती सुषमा यादव तथा श्री श्रीवास्तव का सहयोग रहा। विद्यार्थियों के लिए यह कार्यक्रम अत्यंत लाभदायक रहा ।

द्वारा-

केंद्रीय विद्यालय पूर्वोत्तर रेलवे बरेली






सत्र 2022-23
EBSB E-NEWS LETTER
































Comments

Popular posts from this blog